गाजीपुर में झमाझम बारिश से मिली राहत, भीषण गर्मी के बाद सुहाना
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। इस बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं, क्योंकि यह खरीफ फसलों की बुवाई के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेज धूप और उमस भरी गर्मी पड़ रही थी, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा था। मानसून की दस्तक के साथ हुई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
किसानों के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद साबित हुई है। धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से बुवाई कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। कई किसानों ने खेतों में बुवाई और जुताई का काम शुरू कर दिया है।
हालांकि, बारिश के कारण बाजार में कई स्थानों पर नाली-नाला चोक होने से सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। इससे लोगों को आवागमन में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह ग्राहकों से गुलजार रहने वाले बाजार भी बारिश के कारण कुछ समय के लिए प्रभावित हुए।
