Today Breaking News

गाजीपुर में में पिकअप-ई रिक्शा की टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नोनहरा थाना क्षेत्र की सुसुंडी चट्टी पर सोमवार को एक पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान महमूदपुर गांव निवासी आशुतोष ठाकुर (पुत्र स्व. सुरेंद्र ठाकुर), परवेज (पुत्र बेचू) और प्रिंस राजभर (पुत्र बनारसी) के रूप में हुई है। आशुतोष ठाकुर कठवा मोड़ से सामान लेकर ई-रिक्शा से लौट रहे थे। तभी सुसुंडी चट्टी पर विपरीत दिशा से आ रही पिकअप ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। नोनहरा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लावा पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। तीनों घायलों का इलाज वर्तमान में जिला मेडिकल कॉलेज में जारी है।

नोनहरा थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन और उसके चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।