गाजीपुर में दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां में पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 20 वर्षीय आरोपी नीमेश चौधरी को रविवार को एक मंदिर के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वह भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले गई। पूछताछ और मेडिकल जांच के उपरांत उसे संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 26 जून की रात की है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया था कि आरोपी, जो उनका पड़ोसी है, उनकी कक्षा 11 में पढ़ने वाली बेटी को मोबाइल और 500 रुपए देकर बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया।
मां ने बताया कि उनकी बेटी के शोर मचाने पर आरोपी पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गया था। इसके बाद किशोरी की मां अपनी बेटी के साथ थाने पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि कोर्ट ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजा है।
