Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा में डूबकर छात्र की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव निवासी 11वीं के छात्र की रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना शेरपुर कलां गंगा घाट की है। छात्र अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और मल्लाहों ने दो अन्य किशोरों को बचा लिया, लेकिन छात्र को नहीं बचाया जा सका।
मृतक की पहचान रोहित पाल (17) पुत्र अमरनाथ पाल निवासी शेरपुर खुर्द के रूप में हुई है। वह शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज, शेरपुर में कक्षा 11 का छात्र था। रोहित अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरे नंबर पर था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह रोहित अपने दोस्तों के साथ शेरपुर कलां गंगा घाट पर नहाने गया था। नहाते समय तीन किशोर गहरे पानी की ओर चले गए। घाट पर मौजूद ग्रामीणों और मल्लाहों ने तत्काल नाव के सहारे दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रोहित गहरे पानी में डूब गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय मल्लाहों की मदद से रोहित को नदी से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुहम्मदाबाद भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीएचसी से शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां सबिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मृतक के पिता अमरनाथ पाल की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।