Today Breaking News

गाजीपुर में नेशनल हाईवे 124-सी पर गिट्टी लदा ट्रेलर पलटा, चालक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सोमवार शाम करीब पांच बजे नेशनल हाईवे 124-सी पर भदौरा के बारा में एक सड़क हादसा हुआ। यूपी-बिहार को जोड़ने वाले कर्मनाशा पुल के पास गिट्टी से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर सोनभद्र से गिट्टी लेकर बिहार के बक्सर जा रहा था। कर्मनाशा पुल के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रेलर बेकाबू होकर हाईवे किनारे गड्ढे में जा गिरा।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत बिहार के यादवमोड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

स्थानीय निवासियों विकास राय, मुराद खान, राहुल राय और जेपी यादव ने बताया कि दुर्घटना से पहले गिट्टी लदा ट्रेलर हाईवे किनारे खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने कुतुबपुर गांव के पास एक शराब की दुकान पर शराब पी थी। इसके बाद वह ट्रेलर लेकर बिहार की ओर जा रहा था, तभी कर्मनाशा पुल के पास यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।