गाजीपुर में कमिश्नर ने गंगा में ड्रेजिंग कार्य का निरीक्षण किया, जलमार्ग को सुगम बनाने का लक्ष्य
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. वाराणसी मंडल के आयुक्त एस राजलिंगम ने सोमवार दोपहर सैदपुर के कोल्हुवा घाट पर गंगा नदी में जारी हार्ड स्टेटा ड्रेजिंग कार्य का निरीक्षण किया। यह कार्य गाजीपुर से वाराणसी के बीच जलमार्ग को सुगम बनाने के उद्देश्य से पिछले लगभग चार माह से चल रहा है।
आयुक्त राजलिंगम ने एक छोटी मोटर बोट पर सवार होकर उन स्थानों का जायजा लिया, जहां ड्रेजिंग का काम हो रहा था। इस दौरान उनके साथ प्रोजेक्ट डायरेक्टर संजीव कुमार भी मौजूद थे, जिनसे उन्होंने कार्य की प्रगति और अन्य आवश्यक जानकारी ली तथा जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण लगभग एक घंटे तक चला।
निरीक्षण के दौरान एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई। कमिश्नर सहित अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मियों को मिलाकर नाव पर कुल लगभग 17 व्यक्ति सवार थे, लेकिन गहरे पानी में सुरक्षा के लिए किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहना था।
इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डायरेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि गाजीपुर से वाराणसी के बीच हार्ड स्टेटा को तोड़कर नदी को गहरा करने के लिए मशीनों से ड्रेजिंग की जा रही है। यह तीन वर्षीय परियोजना है, जिसका अभी पहला वर्ष चल रहा है। उन्होंने कहा कि मंडल आयुक्त ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया है।
संजीव कुमार ने आगे बताया कि नदी के इन हिस्सों में जलस्तर कम होने पर हार्ड स्टेटा के कारण नौवहन में बाधा आती थी। ड्रेजिंग के बाद यह जलमार्ग पहले से अधिक सुगम हो जाएगा, जिससे आवागमन बेहतर होगा।
