गाजीपुर में बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलटा, छात्र की जांघ की हड्डी टूटी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शहर कोतवाली के मोहांव गांव से एवरग्रीन स्कूल आने-जाने वाले बच्चों से भरा एक ई-रिक्शा शनिवार दोपहर गांव के बाहर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक छात्र की जांघ की हड्डी टूट गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया है।
मोहांव गांव निवासी अमित सिंह ने बताया कि गांव के 16 बच्चे एवरग्रीन स्कूल में पढ़ते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य से कई बार बस सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन यह कहते हुए मना कर दिया गया कि गांव से 50 बच्चों का प्रवेश होने पर ही ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद अभिभावक मजबूरी में बच्चों को प्रतिदिन ई-रिक्शा से स्कूल भेज रहे थे।
शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल से लौटते समय गांव के बाहर ई-रिक्शा अचानक पलट गया। अमित सिंह का बेटा व कक्षा सात का छात्र किनारे बैठा था, जिससे वाहन पलटते ही उसका पैर ई-रिक्शा के नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल शहर के एक हड्डी रोग अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में उसकी जांघ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों ने उसके आपरेशन की जरूरत बताई है। हादसे में ई-रिक्शा में सवार अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों में विद्यालय प्रबंधन के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध करा दी जाती तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि ऐसी कोई बाध्यता नहीं है, लेकिन अगर ट्रांसपोर्ट की सुविधा है तो वाहन भेजना चाहिए। मैं इसे दिखवाता हूं।
