गाजीपुर में अवैध पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार, फायरिंग कर फैलाई थी दहशत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थाना क्षेत्र के हीराधरपुर गांव में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी रोशन सिंह को पुलिस ने अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार 3 जुलाई को हीराधरपुर गांव में एक अज्ञात युवक ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की थी, जिससे गांव में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो मुखबिर से पता चला कि फायरिंग करने वाला गांव का ही निवासी रोशन सिंह है। इसके बाद से पुलिस रोशन की तलाश में थी।
रविवार रात उप निरीक्षक रविंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रत्नेश सिंह, कांस्टेबल शुभम सिंह और रिजर्व आरक्षी अंकित गौतम भीमापार बाजार में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि हीराधरपुर में फायरिंग करने वाला रोशन सिंह खजुरहट गांव की ओर से भीमापार बाजार आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और उच्च अधिकारियों को जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम मुखबिर के साथ जगदीशपुर गांव के मोड़ पर छिपकर रोशन का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद खजुरहट गांव की तरफ से एक युवक आता दिखाई दिया, जिसकी पहचान मुखबिर ने रोशन सिंह के रूप में की। पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर रोशन के बाएं जेब से 32 बोर की एक अवैध पिस्तौल और दाहिने जेब से 32 बोर के तीन खोखा कारतूस बरामद हुए। पुलिस उसे थाने ले आई, जहां सोमवार को संबंधित धाराओं के तहत उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया गया। सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि रोशन के ऊपर मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट, सरकारी संपत्ति को नुकसान आदि के संबंध में वर्ष 2017 से लेकर अब तक कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर ने रोशन को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की सराहना किया।
