Today Breaking News

गाजीपुर में बिजली करंट से मौत मामले में वांछित गिरफ्तार, भेजा जेल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के खानपुर में बिजली के करंट से झुलसकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर खानपुर पावर हाउस के पास से दबोचा गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहलादपुर गांव में बिजली से झुलसकर हुई मौत के मामले में वांछित प्रभुनारायण राम खानपुर पावर हाउस के पास खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंगलवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभुनारायण राम (पुत्र स्वर्गीय श्रीपत राम), निवासी ग्राम गोरखा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।