गाजीपुर में दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 41.50 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. रेलवे पुलिस ने मंगलवार को दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 41.50 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई।
जीआरपी चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के पूर्वी छोर से दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार युवकों की पहचान बिहार के पटना स्थित दीघा थाना क्षेत्र निवासी राहुल कुमार (19) और तुषार कुमार (20) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके पास से एक ट्रॉली बैग से 68 केन बडवाइजर बीयर (प्रत्येक 500 मिलीलीटर) और एक पिट्ठू बैग से रॉयल स्टेज अंग्रेजी शराब की 10 बोतलें (प्रत्येक 750 मिलीलीटर) बरामद कीं। पूछताछ के दौरान, दोनों ने बताया कि वे ट्रेन के माध्यम से शराब बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की फिराक में थे।
जीआरपी ने उन्हें अपने मंसूबों को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया। जीआरपी चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर जीआरपी थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
