Today Breaking News

गाजीपुर के भदौरा रेलवे स्टेशन पर RPF ने दो शराब तस्कर पकड़े, अवैध शराब जब्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने भदौरा रेलवे स्टेशन पर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से विभिन्न ब्रांडों की कुल 11.48 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 9,570 रुपये है। यह कार्रवाई ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक ऋषिकेश राय शर्मा, प्रधान आरक्षी सतीश कुमार सिंह और आरक्षी अरुण कुमार सिंह भदौरा रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान, कोटा–पटना एक्सप्रेस (13238 डाउन) के सामान्य कोच के पास दो युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।

आरपीएफ टीम ने जब उनकी तलाशी ली, तो उनके बैग से 11.48 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय भोला कुमार उर्फ राजू, निवासी थाना बेन, और 22 वर्षीय कुंदन कुमार उर्फ छोटी, निवासी थाना हिलसा, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। आरपीएफ ने बरामद शराब जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी के अनुसार, रेल अधिनियम की धारा 164 और 145 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।