गाजीपुर के भदौरा रेलवे स्टेशन से शराब तस्कर गिरफ्तार, 8.64 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को भदौरा रेलवे स्टेशन से एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 8.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:40 बजे जीआरपी चौकी दिलदारनगर, थाना जीआरपी डीडीयू की टीम भदौरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान नाम पट्टिका के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक को रोककर तलाशी ली गई।
उसके काले रंग के पिट्ठू बैग से मैकडॉवेल अंग्रेजी शराब की 180-180 मिलीलीटर की कुल 48 बोतलें मिलीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 8.64 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7,680 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रदुम कुमार (23) पुत्र शत्रुधन साव के रूप में हुई है, जो पटना (बिहार) के फटवा थाना क्षेत्र के फटवा गांव का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान का हिस्सा है। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयू सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी प्रदुम कुमार के विरुद्ध थाना जीआरपी डीडीयू में मुकदमा अपराध संख्या 178/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
