Today Breaking News

गाजीपुर के युवक की कजाकिस्तान में मौत, 6 माह पहले गया था, ताबूत में लौटा शव

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर क्षेत्र स्थित मियनाबड़ा गांव में मंगलवार दोपहर 2 बजे कजाकिस्तान से एक युवक का शव ताबूत में पहुंचा। 35 वर्षीय रामचरण चौहान की 30 जून को बीमारी के कारण कजाकिस्तान में मृत्यु हो गई थी।
रामचरण चौहान पेशे से इलेक्ट्रीशियन थे। वह पिछले छह वर्षों से कतर की यूसीसी कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए छह महीने पहले कजाकिस्तान भेजा था।

रामचरण की मृत्यु की सूचना परिवार को 1 जुलाई को कंपनी के अन्य कर्मियों से फोन पर मिली थी। उन्हें बताया गया था कि 30 जून को बीमारी के कारण अस्पताल में उनका निधन हो गया। रामचरण का पार्थिव शरीर ताबूत में घर पहुंचते ही गांव में गम का माहौल छा गया। रामचरण अपने तीन भाइयों और चार बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनका विवाह 18 साल पहले शर्मिला देवी से हुआ था। उनके दो छोटे बेटे हैं।
वह अपने परिवार के मुख्य आर्थिक सहारा थे। मृतक की मां फतंगिया देवी और पत्नी शर्मिला देवी गहरे सदमे में थीं।

इस दौरान ग्राम प्रधान हरिशंकर चौहान, परशुराम मौर्य, संतोष गुप्ता, अनिल वर्मा, समाजसेवी गुड्डू (देवेंद्र चौहान), रामायण चौहान और राजन चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित रहे।