Today Breaking News

गाजीपुर में पिकअप की टक्कर से दो युवक घायल, जिला अस्पताल रेफर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दिलदारनगर-जमानियां मार्ग पर एक अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भक्सी गांव के पास हुआ। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल युवकों की पहचान बिंदपुरवा गांव निवासी भुक्कु राजभर और राजकुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दोनों युवक बाइक पर सवार होकर दिलदारनगर से अपने घर लौट रहे थे।

जब वे दिलदारनगर-जमानियां मार्ग पर भक्सी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी दिलदारनगर थाना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप जब्त कर ली गई है और चालक की तलाश जारी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।