गाजीपुर में फोर्ड एंडेवर से 20 पेटी अवैध शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार, वाहन सीज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सेवराई में गहमर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 20 पेटी (180 लीटर) अवैध देसी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल की गई एक फोर्ड एंडेवर कार (UP14 BQ2181) भी जब्त कर ली गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी जमानियां और प्रभारी निरीक्षक गहमर के नेतृत्व में मंगलवार को चौकी प्रभारी देवल की टीम गश्त पर थी। दोपहर करीब दो बजे मुखबिर की सूचना पर नगदी नहर पुलिया के पास वाहन की घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बक्सर (बिहार) निवासी राजकुमार कुशवाहा (30), धर्मेंद्र कुमार (25) और रोशन कुमार (20) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 पेटी अवैध देसी शराब और तस्करी में इस्तेमाल फोर्ड एंडेवर वाहन बरामद किया। गहमर थाने में मु0अ0सं0 132/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी देवल उपनिरीक्षक शिवकृष्ण, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल सत्य कुशवाहा, सौरभ और रंजीत सिंह शामिल थे। गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
