Today Breaking News

गाजीपुर में नाबालिग युवती को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग किशोरी को भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह घटना गहमर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी को करीब एक सप्ताह पहले थाना गहमर के मनियां गांव निवासी 19 वर्षीय नुमान खां नामक युवक भगा ले गया था। किशोरी के पिता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी थी।

प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे पुलिस चौकी प्रभारी सेवराई, उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में जांच पड़ताल कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नाबालिग को भगाने वाला आरोपी युवक फिरोजपुर नहर पुलिया के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है।

पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर तुरंत दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। किशोरी के पिता ने अपनी तहरीर में बताया था कि उनकी बेटी एक इंटर कॉलेज में पढ़ाई करती थी। आरोपी नुमान खां भी उसी स्कूल में आता-जाता था। इसी दौरान उसने उनकी बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर और झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा लिया था।

प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने पुष्टि की कि युवक और लड़की एक ही इंटर कॉलेज में पढ़ते थे, जिससे उनके बीच प्रेम प्रसंग हो गया था। युवक पर पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बरामद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।