Today Breaking News

गाजीपुर डीएम ने ग्राम चौपाल में दिखाई सख्ती, सीएचसी अधीक्षक का वेतन रोकने के निर्देश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां में मंगलवार शाम जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।यह चौपाल देर शाम तक चली,जिसमें विभिन्न विकास कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों,जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चौपाल से पहले जिलाधिकारी ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर परिसर में पौधरोपण किया,जिसके माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और उनके उत्पादों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने समूह से 85 रुपये में एक किलोग्राम चने का सत्तू खरीदा और क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान किया। ब्लॉक सभागार में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, बैंक प्रबंधन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के गठन,बैंक खातों के संचालन,सीसीएल पेंडेंसी, धनराशि हस्तांतरण और रिवॉल्विंग फंड वितरण में हो रही देरी व लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी विद्यालय और विभाग आवश्यक सामग्री,मसाले तथा अन्य उत्पादों की खरीद में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दें।

जिलाधिकारी ने कौशल विकास प्रशिक्षण को शीघ्र प्रारंभ कराने और पात्र लाभार्थियों को कौशल प्रमाणपत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।चौपाल के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अमर कुमार का वेतन रोकने के निर्देश दिए और एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने पेयजल आपूर्ति योजनाओं के तहत भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को इस कार्य के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार,डीडीओ राजन कुमार,डीपीआरओ रमेश कुमार उपाध्याय, बीडीओ जमालुद्दीन,ब्लॉक प्रमुख अमिताभ राय 'राहुल',पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश राय,ग्राम प्रधान राकेश राय,सचिव दीपक कुमार,सचिव विनीत राय, बीएसए डॉ. रानी उपासना वर्मा,बीईओ अशोक कुमार गौतम,चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अमर कुमार,एसीएमओ डॉ. राम कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।