Today Breaking News

वाराणसी में महिला दरोगा रोशनी सिंह ने फरियादी को जड़े थप्पड़, DCP ने सस्पेंड किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में एक महिला दरोगा फरियादी को सुनने के बजाय उस पर जमकर थप्पड़ बरसाने लगी। दरोगा ने महिला से कहा- तुम्हारी रोज-रोज की शिकायत से तंग आ चुकी हूं। आज तेरा इलाज करती हूं।
चौबेपुर थाने में तैनात रोशनी सिंह ने महिला को 8 सेकेंड में 5 थप्पड़ मारे। थाने में मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना गुरुवार शाम 5 बजे की है। इसका वीडियो आज सामने आया है।

महिला फरियादी की थाने में सरेआम पिटाई का मामला तूल पकड़ने के बाद डीसीपी प्रमोद कुमार ने महिला दरोगा को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। दलित महिला गीता देवी चौबेपुर के परानापुर की रहने वाली हैं। उन्हें कई साल पहले पट्‌टे में ग्राम समाज से आबादी की जमीन मिली थी। इसके एक हिस्से में उनका परिवार रहता था। बाकी का हिस्सा खाली पड़ा था।

आबादी की जमीन पर पट्‌टीदार लोगों की ओर से कब्जा किया जा रहा था। गीता देवी ने 15 जून को इसकी शिकायत चौबेपुर थाने में की थी। इसमें आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर पूनम देवी और अन्य लोगों द्वारा कब्जा किया जा रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों को 16 जुलाई को थाने चौबेपुर पर बुलाया था। जहां महिला दरोगा ने गीता देवी को अपने पति को बुलाने के लिए कहा गया। इस पर गीता ने कहा कि मेरे पति काम पर गए हैं। हम लोग गरीब हैं। रोज का कमाना-खाना होता है।

गीता देवी की ऊंची आवाज सुनते ही महिला दरोगा रोशनी सिंह भड़क गई। उन्होंने उस पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। गीता देवी का आरोप है कि दरोगा रोशनी सिंह ने उसे पहले सबके सामने पीटा। फिर बाद में कमरे में बंद कर करके उसकी बुरी तरह से पिटाई की।

2023 बैच, चौबेपुर थाने में मिली पहली तैनाती महिला दरोगा रोशनी सिंह मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं। वह वर्ष 2023 बैच की उपनिरीक्षक हैं। पुलिस सेवा में चयन के बाद उनकी पहली तैनाती वाराणसी कमिश्नरेट के चौबेपुर थाने में हुई थी। चौबेपुर थाने में ही वह अपनी पहली पोस्टिंग पर कार्यरत है।
यह पीड़िता गीता देवी हैं। महिला दरोगा ने इन्हीं के साथ मारपीट की है।
सोशल मीडिया पर पुलिसिंग को लेकर सवाल वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, "8 सेकेंड में 5 थप्पड़... ये कौन-सी ट्रेनिंग का हिस्सा है? अगर ऐसे ही फैसले होने हैं तो अदालतों की क्या जरूरत?

ACP सारनाथ विनय द्विवेदी ने कहा-
वीडियो का संज्ञान लिया गया है। शुरुआती जांच के आधार पर डीसीपी ने दरोगा रोशनी सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।