गाजीपुर में डिलीवरीमैन के घर से 49 गैस सिलेंडर बरामद, बिक्री रजिस्टर भी मिला; FIR दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव में एक डिलीवरीमैन के घर से 49 घरेलू इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। शुक्रवार शाम डिलीवरीमैन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पूर्ति विभाग की शिकायत पर की गई है।
बरामद किए गए सिलेंडरों में 38 भरे हुए और 11 खाली सिलेंडर शामिल हैं। मौके से एक बिक्री रजिस्टर भी जब्त किया गया है।
पूर्ति निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार जुलाई की शाम 6:30 बजे जंगीपुर पुलिस के साथ मुखबिर की सूचना पर तारनपुर गांव स्थित सूर्य प्रताप यादव उर्फ अंकित यादव के घर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान उसके घर से कुल 49 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और बिक्री रजिस्टर बरामद हुआ।
पूछताछ में सूर्य प्रताप यादव ने बताया कि वह प्रतिमा इंडेन गैस सर्विस और जंगीपुर इंडेन गैस सर्विस में डिलीवरीमैन के रूप में कार्यरत है। उसने दावा किया कि पिता की तबीयत खराब होने के कारण वह डिलीवरी वाहन सहित घर पहुंचा था और वाहन में रखे सिलेंडरों को घर पर उतारकर इलाज के लिए चला गया था। उसने अवैध भंडारण या बिक्री के आरोपों से इनकार किया।
हालांकि, जांच टीम ने इसे घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण मानते हुए उत्तर प्रदेश एलपीजी नियंत्रण आदेश-2000 का उल्लंघन पाया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अनुमति के बाद शुक्रवार शाम 6:30 बजे जंगीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
