गाजीपुर से दिल्ली गया लापता किशोर अपने घर लौटा, पिता के साथ खुद थाने पहुंचा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गहमर थाना के बारा गांव से लापता 15 वर्षीय किशोर सैफ सकुशल अपने घर लौट आया है। उसके सुरक्षित घर पहुंचने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजनों ने गहमर पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, बारा गांव निवासी समीमुद्दीन खां ने अपने 15 वर्षीय पुत्र सैफ के घर से लापता होने की सूचना गहमर थाने में दी थी। तहरीर के आधार पर 9 जुलाई 2026 को थाना गहमर में मुकदमा अपराध संख्या 127/2026, धारा 137 (2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू की। विभिन्न संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन की गई और आवश्यक सूचनाएं प्रसारित कर तलाश तेज कर दी गई थी।
पिता के साथ खुद थाने पहुंचा किशोर बीती शाम किशोर अपने पिता के साथ स्वयं गहमर थाने पहुंचा। परिजनों ने पुलिस को दिए लिखित प्रार्थना-पत्र में बताया कि उनका पुत्र 4 जुलाई को बिना किसी को बताए दिल्ली चला गया था। उन्होंने यह भी बताया कि किशोर की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है।
पुलिस ने पूछताछ कर मिलने की पुष्टि की प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने नियमानुसार किशोर से पूछताछ कर उसके सकुशल मिलने की पुष्टि की। पुलिस ने किशोर के बयान दर्ज करने के साथ ही संबंधित अभिलेखों को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। किशोर के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने गहमर पुलिस की संवेदनशीलता और तत्पर कार्रवाई की प्रशंसा की।
