गाजीपुर में ATM ठगी के दो शातिर गिरफ्तार, नकदी, 4 एटीएम कार्ड और बाइक बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नंदगंज पुलिस ने एटीएम और बैंक ग्राहकों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। आरोपितों के पास से 16 हजार 210 रुपये नकद, चार एटीएम कार्ड, एटीएम में फंसाने वाला लोहे का फ्रेम और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई है।
क्षेत्र में बीते दिनों एटीएम में मदद के बहाने ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मणपुर प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित नहर पुलिया से दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान सोनू राजभर पुत्र नंदलाल राजभर और इस्माइल पुत्र अब्बास, निवासी टड़वा बेलहरी, खानपुर के रूप में बताई।
आरोपितों ने बताया कि वे बैंक और एटीएम के आसपास निगरानी रखते थे। जिन लोगों को एटीएम से पैसे निकालने में परेशानी होती थी, वे मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद पिन की जानकारी हासिल कर खाते से रुपये निकाल लेते थे।
उनकी दूसरी ठगी का तरीका एटीएम मशीन के कैश आउटलेट पर लोहे का विशेष फ्रेम लगाना था। इससे निकाली गई नकदी उसी में फंस जाती थी। ग्राहक के चले जाने के बाद वे फ्रेम निकालकर फंसे हुए रुपये लेकर फरार हो जाते थे।
ये अपराधी इतने शातिर थे कि यदि इन दोनों तरीकों में विफल रहते, तो बैंक से नकदी निकालकर जाने वाले लोगों की रेकी कर मौका मिलते ही उनके रुपये भी उड़ा लेते थे। ऐसे कई मुकदमे पहले से ही थाने में दर्ज थे, जिसके चलते पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कार्यवाही कर दोनों को जेल भेज दिया गया।
इस टीम में उपनिरीक्षक धनंजय मिश्रा, कांस्टेबल अमित सिंह, अभिषेक मिश्रा और आदित्य कुमार शामिल थे।
