Today Breaking News

गाजीपुर में रिटायर्ड CRPF जवान की ट्रेन से कटकर मौत, परिवार में कोहराम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर नगर स्थित वार्ड संख्या-11 के रहेड्डा मोहल्ले के पास शुक्रवार तड़के 4 बजे औड़िहार-गाजीपुर रेल रूट पर ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी और सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान सरोज सिंह यादव के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को ट्रैक से उठाकर पोस्टमार्ट के लिए भेजा। घटनास्थल से उनकी साइकिल भी बरामद की।
परिजनों के अनुसार, सरोज सिंह यादव सुबह साइकिल लेकर घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। उनके घर न पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए। इसी बीच सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि सैदपुर में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है।

सूचना मिलने पर मृतक के बड़े पुत्र विनय घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान अपने पिता सरोज सिंह यादव के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विनय ने पुलिस को बताया कि उनके पिता दो वर्ष पहले सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी और वह मानसिक बीमारी से भी जूझ रहे थे। मृतक के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र विनय खेती-बाड़ी का कार्य करता है, जबकि छोटा पुत्र विपिन इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता है।

घटना की सूचना मिलने पर विपिन घर के लिए रवाना हो गए। दोनों पुत्रों का विवाह हो चुका है। हादसे के बाद पत्नी प्रेमशिला का रो-रोकर बुरा हाल है।

सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।