गाजीपुर में सांस की तकलीफ से जूझ रहे मरीज को मिला नया जीवन, 108 एंबुलेंस ने बचाई जान
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में 108 एंबुलेंस सेवा ने सांस लेने में गंभीर तकलीफ से जूझ रहे एक मरीज को नया जीवन दिया। गोल्डन ऑवर में मिली त्वरित प्री-हॉस्पिटल मेडिकल केयर ने मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शनिवार की देर शाम सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस निर्धारित समय पर भदौरा बस स्टैंड स्थित घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी अवनीश मौर्य ने मरीज का प्राथमिक आकलन किया और सभी आवश्यक वाइटल्स की जांच की।
मरीज की ऑक्सीजन सैचुरेशन को देखते हुए तत्काल ऑक्सीजन थेरेपी शुरू की गई। ईआरसीपी चिकित्सक से परामर्श के बाद आवश्यक प्री-हॉस्पिटल उपचार प्रदान किया गया। पूरे परिवहन के दौरान मरीज की स्थिति की लगातार निगरानी की गई।
मरीज को सुरक्षित रूप से नजदीकी अस्पताल सीएचसी भदौरा पहुंचाया गया और वहां के चिकित्सकों को सौंप दिया गया, जिससे बिना किसी देरी के आगे का उपचार शुरू हो सका। मरीज और उनके परिजनों ने ईएमटी, पायलट और ईआरसीपी टीम की त्वरित प्रतिक्रिया, पेशेवर कार्यशैली और समर्पित सेवा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
