गाजीपुर के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर 70.5 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन सतर्क' अभियान के तहत की गई, जिसमें नई दिल्ली-सिलचर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14038 डाउन) से लावारिस हालत में शराब मिली।
RPF उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने ट्रेन के एस-1 कोच और सामान्य बोगी के शौचालयों की सघन तलाशी ली। जांच के दौरान, शौचालय की छत पर प्लाई के अंदर बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई शराब और बीयर बरामद हुई। कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी इस सामान पर अपना दावा नहीं किया।
बरामद शराब और बीयर को ट्रेन से उतारकर जीआरपी चौकी दिलदारनगर लाया गया। इसमें 500 मिलीलीटर की 105 कैन किंगफिशर बीयर और 750 मिलीलीटर की 24 बोतल 8 पीएम अंग्रेजी शराब शामिल है। कुल 70.5 लीटर शराब और बीयर की अनुमानित कीमत 25,980 रुपये आंकी गई है।
जीआरपी ने बरामद माल को जीडी संख्या 11 में दोपहर 2 बजे लावारिस संपत्ति के रूप में दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान में आरपीएफ के प्रधान आरक्षी सतीश कुमार सिंह, आरक्षी डब्लू कुमार तथा जीआरपी के प्रधान आरक्षी चेतन पांडे, मान सिंह और प्रीतम कुमार बिंद भी शामिल थे।
