Today Breaking News

गाजीपुर में अफेयर में युवक की चाकू घोपकर हत्या, प्रेमिका के भाइयों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में अफेयर के चक्कर में 26 साल के बाइक मैकेनिक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शनिवार देर रात हत्यारे गले में चाकू घोपकर भाग गए। घरवालों को रविवार सुबह 8:30 बजे तब पता चला, जब उन्होंने कमरे में खून से सना शव पड़ा देखा।
युवक के गले में चाकू फंसा था। मां का आरोप है कि बेटे का पड़ोस की गांव की एक लड़की से अफेयर चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की गई। शनिवार शाम कार से आए कुछ लोग हमारे घर का मोबाइल से फोटो-वीडियो बना रहे थे। देखने पर भाग गए थे। उन्हीं लोगों ने मेरे बेटे को मारा है।

युवक के शरीर पर भी 2 जगह पर पेट पर भी चाकू घोपने के निशान मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घरवालों की शिकायत पर प्रेमिका के 2 भाइयों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर जमनियां कोतवाली क्षेत्र की है।

कसेरा पोखरा गांव में सहने वाले भरत बिंद कमीशन पर गिट्‌टी लोडिंग-अनलोडिंग का काम करते हैं। उनकी शादी पड़ोसी गांव सब्बलपुर कलां गांव में हुई थी। 5 साल पहले उनके ससुर लीलाधर बिंद की बीमारी से मौत हो गई थी।

ससुर की मौत के बाद से भरत अपनी ससुराल में ही रहने लगे थे। उनके परिवार में 4 बेटे हैं। तीसरे नंबर का बेटा विजय उर्फ भोला बिंद गांव में ही बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था।

विजय की मां निर्मला देवी ने बताया- शनिवार शाम 8 बजे बेटा दुकान से घर लौटा। खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे अपने कमरे में सोने चला गया था। हम सब भी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

रविवार सुबह 8:30 बजे मौसा शिवकरन बिंद घर से बाहर निकले, तो विजय के कमरे का दरवाजा खुला था। उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो विजय खून से लथपथ पड़ा था। उसकी गर्दन के बाईं ओर चाकू फंसा था। पेट पर भी चाकू मारने के निशान थे। उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर थाना प्रभारी आरएस नागर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्‌ठा किए। मां का आरोप है कि पुलिस को घर के बाहर हमलावरों के पैरों के निशान भी मिले हैं।

विजय के घरवालों का कहना है कि मकान हाईवे किनारे है। बेटे को मारने वाले घर की बाहरी दीवार फांदकर अंदर घुसे और हत्या करके भाग गए। घरवालों का यह भी दावा है कि वारदात से पहले कुछ लोग घर के बाहर आए थे। वे लोग मोबाइल से घर की तस्वीरें खींचकर चले गए थे। विजय की मां निर्मला देवी का आरोप है कि बेटे का पड़ोसी गांव की एक लड़की से अपेयर चल रहा था। इसी रंजिश में बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सीओ अंकित तिवारी ने बताया–
घरवालों की शिकायत पर प्रेमिका के दो भाइयों विशाल और विक्रांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अफेयर समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।