Today Breaking News

गाजीपुर में चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, 134 वाहनों का चालान; 3.15 लाख रुपये जुर्माना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर बिरनो टोल प्लाजा पर रविवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 134 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 3.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देश और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर धनवीर यादव, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष बिरनो ने किया।

वाहनों की जांच के लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।

चेकिंग के दौरान प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 11 वाहनों का चालान किया गया। वहीं हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) और नंबर प्लेट से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल, मॉडिफाइड साइलेंसर और एचएसआरपी नंबर प्लेट नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर रोक लगाना था।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और लोगों की जान सुरक्षित रखी जा सकती है।