गाजीपुर शहर के रौजा मऊ बस स्टैंड के पास कार-पिकअप की भिड़ंत, चार घायल, एक बनारस रेफर - Ghazipur City News
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में रौजा स्थित मऊ बस स्टैंड के पास बुधवार देर रात एक कार और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह हादसा रौजा पुलिस पिकेट से मात्र 20 मीटर की दूरी पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर ले जाया गया।
घायलों की पहचान ताड़ीघाट निवासी आकाश वर्मा (23), उज्ज्वल वर्मा (25), सुमित वर्मा (22) और राहुल गुप्ता (17) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में पिकअप में सवार तीन अन्य लोगों को भी चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद पिकअप सवार घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि कार सवार तीन युवकों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।
घायल आकाश वर्मा ने बताया कि वे अपने एक रिश्तेदार को गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद ताड़ीघाट स्थित अपने घर लौट रहे थे। रात करीब दो बजे उनकी कार के आगे एक ट्रक चल रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार, दुर्घटना में कुल सात लोग उपचार के लिए अस्पताल लाए गए थे। इनमें कार सवार सुमित वर्मा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। राहुल गुप्ता का जबड़ा फट गया है और उनका उपचार चल रहा है। अन्य घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
