गाजीपुर में दहेज के लिए विवाहिता को बच्चों समेत घर से निकाला, पति समेत 4 पर केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और बच्चों समेत घर से निकालने का मामला सामने आया है। गहमर थाना क्षेत्र के लहना गांव में विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने पति, सास, ननद और ननदोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गहमर थाना प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी के अनुसार, मुहम्मद पट्टी, नियर इमामबाड़ा मिश्रबाजार, थाना कोतवाली गाजीपुर निवासी तबसुम पुत्री नौसाद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
तबसुम ने बताया कि उसका निकाह गहमर थाना क्षेत्र के लहना गांव निवासी इस्लाम पुत्र स्वर्गीय मुइन खां से हुआ था। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें सात वर्षीय बेटी जैनब और करीब तीन वर्षीय बेटा अब्बास शामिल हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसकी बेटी चार साल की थी, तभी से पति इस्लाम, सास हसरून बेगम, ननद फिरोजा और ननदोई परवेज दहेज में कम सामान मिलने का आरोप लगाकर उसे ताने देने लगे। उसने आरोप लगाया कि ससुरालीजन उसे ‘फकीर की बेटी’ कहकर अपमानित करते थे और घरेलू कामकाज को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
तबसुम ने शिकायत में बताया कि एक दिन पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और दोनों बच्चों के साथ उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह न्याय के लिए पुलिस के पास पहुंची। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।
पीड़िता ने बताया कि उसने अपने पति के खिलाफ परिवार न्यायालय गाजीपुर में मुकदमा दायर किया है, जो अभी विचाराधीन है। उसका कहना है कि उसे जानकारी मिली है कि पति इस्लाम दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। तबसुम ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जब तक कानूनी रूप से तलाक नहीं होता, तब तक दूसरी शादी को रोका जाए।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पीड़िता के प्रार्थना पत्र के आधार पर पति इस्लाम, सास हसरून बेगम, ननद फिरोजा और ननदोई परवेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
