Today Breaking News

गाजीपुर के स्कूलों में फर्जी नामांकन का खुलासा, बच्चे प्राइवेट स्कूलों में, मिड डे मील में घोटाला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात ब्लॉक स्थित परिषदीय विद्यालयों में फर्जी नामांकन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ रहे हैं, लेकिन उनके नाम सरकारी स्कूलों के पोर्टल पर दर्ज हैं। इससे मिड-डे मील योजना में बड़े घोटाले की आशंका जताई जा रही है।
ग्राम मजुई के मुनीब राजभर और कौशिल्या देवी ने बताया कि उनके बच्चे मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में पढ़ते हैं, लेकिन पोर्टल पर उनके बच्चों के नाम बापू इंटर कॉलेज में कक्षा 7 में दर्ज हैं। इसी तरह, कनेरी ग्राम के राजदेव राजभर ने बताया कि उनकी बेटी प्रतिमा का नाम भी परिषदीय स्कूल में प्रदर्शित हो रहा है।

गोलू चौहान ने दावा किया कि उन्होंने कभी बापू इंटर कॉलेज में प्रवेश नहीं लिया और न ही वहां पढ़ने गए। कौशिल्या देवी ने यह भी बताया कि उनके बेटे नितेश का नाम कंपोजिट विद्यालय मजुई में चल रहा था, जबकि वह वहां नहीं पढ़ता।

बापू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उदय भान सिंह ने इस मामले पर कहा कि वे अभिभावक और बच्चे के स्कूल आने के बाद इसकी जांच करेंगे।

खंड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि संबंधित स्कूलों के मिड-डे मील और नामांकन की गहन जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि इस प्रकार के फर्जीवाड़े पर रोक लग सके।