Today Breaking News

गाजीपुर में हाईटेंशन लाइन से चार बच्चे झुलसे, खेलते हुए हुआ हादसा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर के शेखपुर गांव में शुक्रवार शाम लुका-छिपी खेलते समय चार बच्चे हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन बच्चों का इलाज सैदपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शेखपुर निवासी मंटू विश्वकर्मा के बच्चे अनुज विश्वकर्मा और अनुष्का विश्वकर्मा, परमानंद सागर की बेटी अपर्णा सागर और दिनेश कुशवाहा की बेटी आयशा कुशवाहा अपने मकान की छत पर खेल रहे थे। शाम करीब पांच बजे लुका-छिपी के दौरान एक बच्चा छिपने के लिए छत के किनारे पहुंचा और मकान के बेहद नजदीक से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।

चिकित्सकों ने बताया कि तीन बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है। हालांकि, एक बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है।