गाजीपुर में इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव, युवती घायल, रेलवे और पुलिस जांच में जुटी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर से वाराणसी जा रही 15103 इंटरसिटी एक्सप्रेस पर मंगलवार देर शाम अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में ट्रेन की डी-5 बोगी में खिड़की के पास बैठी युवती घायल हो गई। पथराव के बाद बोगी में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इंटरसिटी एक्सप्रेस मंगलवार शाम करीब 8:35 बजे सादात रेलवे स्टेशन से औंड़िहार की ओर रवाना हुई थी। स्टेशन से करीब 500 मीटर आगे बढ़ते ही कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव के दौरान एक पत्थर डी-5 कोच की खिड़की के पास बैठी युवती के हाथ पर लगा, जिससे वह घायल हो गई।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्री रविंद्र मौर्य ने बताया कि सादात से औंड़िहार के बीच इस रेलखंड पर पहले भी पत्थरबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि असामाजिक तत्वों की इस तरह की हरकतों से यात्रियों की सुरक्षा लगातार खतरे में बनी रहती है।
रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है

