गाजीपुर में झूठे रेप-केस की धमकी देकर रुपए ऐंठने वाली मां-बेटी गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर थाना पुलिस ने बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने के आरोप में मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार दोपहर उनके घर से हिरासत में लेकर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सेवराई निवासी मोहम्मद इसरार ने 12 जुलाई को गहमर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने के दौरान उन्होंने करवनियां डेरा निवासी गुलाब पांडे और उनकी पत्नी श्यामा पांडे को उधार रुपये दिए थे। बाद में गुलाब पांडे ने बिहार में जमीन खरीदने के नाम पर और धनराशि मांगी। इसरार ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक लाख रुपये ज्योति पांडे के खाते में तथा श्यामा पांडे के कहने पर उनके परिचित धर्मेंद्र गुप्ता के बैंक खाते में भेजे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो गुलाब पांडे, श्यामा पांडे और ज्योति पांडे ने गाली-गलौज की। आरोप है कि ज्योति पांडे ने दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कई बार रुपये भी वसूले। इसरार ने अपने आरोपों के समर्थन में ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराए।
शिकायत के आधार पर गहमर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी जमानियां के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे श्यामा देवी और उनकी बेटी ज्योति पांडे को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में अन्य आरोपों और साक्ष्यों की जांच जारी है।
