Today Breaking News

गाजीपुर में पुलिस-गोतस्कर मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर गो-तस्कर के पैर में गोली लगी। घायल तस्कर को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में दर्जन भर से अधिक गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही मरदह पुलिस ने हैदरगंज रायपुर गांव के पास, हैदरगंज लाला का पूरा के समीप एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन के किनारे घेराबंदी कर दी।

रविवार सुबह जैसे ही मवेशियों से लदा ट्रक मौके पर पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख तस्करों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस की ओर से हुई फायरिंग में एक गोली मुख्य तस्कर के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए घायल तस्कर की पहचान 30 वर्षीय जावेद आलम पुत्र नियाज अहमद, निवासी ग्राम पारा, थाना सरायमीर, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस उसे मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने मौके से पशुओं से लदा ट्रक भी बरामद किया है। बरामद गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

मरदह थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।