गाजीपुर में मानसून की दमदार दस्तक, तापमान में गिरावट से राहत, अगले दो दिन बारिश के आसार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे मानसून सक्रिय हो गया। इसके बाद शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार बारिश का दौर शुरू हुआ, जो रविवार सुबह भी जारी रहा। कहीं तेज तो कहीं हल्की फुहारें पड़ती रहीं। इसे इस मानसून की अब तक की सबसे लंबी अवधि की बारिश माना जा रहा है। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया।
लगातार बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के चलते अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले दिनों की तुलना में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बाजारों और सड़कों पर लोगों ने राहत महसूस की, जबकि कई जगह बच्चों ने बारिश का आनंद लिया।
लगातार हुई बारिश धान की खेती कर रहे किसानों के लिए राहत लेकर आई है। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से धान की रोपाई और फसल की बढ़वार को फायदा मिलेगा। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इसके अलावा बाग-बगीचों और पौधों में भी नई हरियाली लौट आई है, जिससे वातावरण और अधिक मनमोहक हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं। ऐसे में गाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों में अगले एक-दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
