Today Breaking News

गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा, चालक और सहचालक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसा हुआ। बिहार से छड़ लादकर लखनऊ जा रहा एक ट्रक 308 धरवार कला गांव के सामने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गया। इस टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रक चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे की बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी गजानंद सिंह ने बताया कि ट्रक बिहार से छड़ लेकर लखनऊ जा रहा था। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को नींद आना माना जा रहा है। टक्कर मारने के बाद दूसरा वाहन मौके से फरार हो गया।

घायलों की पहचान चालक सुधीर कुमार, पुत्र इंद्रपाल यादव, निवासी उस्मानपुर सहादत नगर, थाना पिहानी शाहाबाद, जनपद हरदोई और सहचालक दीपक कुमार के रूप में हुई है।

हादसे के बाद, क्षतिग्रस्त वाहन को हाइड्रा मशीन की सहायता से हटाकर यातायात सामान्य किया गया। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।