गाजीपुर के भाजपा नेता पारसनाथ राय ने CM योगी से मुलाकात की, सड़कों के निर्माण-चौड़ीकरण की मांग की
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ज़खनिया विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गाजीपुर जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
राय ने क्षेत्र के बुनियादी विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सड़कों के नव निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत हेतु एक मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने विशेष रूप से बिरनो और बरही ब्लॉक में सड़कों के निर्माण का आग्रह किया।
बिरनो ब्लॉक में केलहि सर्विस लेन से प्राइमरी स्कूल तक का मार्ग और बरही क्षेत्र में बरही से बोगना तक के मार्ग के निर्माण की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त, ज़खनिया ब्लॉक में रामसिंह पुर से सिखड़ी तक तथा सिखड़ी से धर्मगतपुर तक के मार्ग के लिए भी अनुरोध किया गया। बिरनो ब्लॉक के अंतर्गत पंसेरवा से लहुरापुर एवं भुड़कुड़ा से कंचनपुर तक की नहर की पटरी वाले मार्ग के निर्माण की भी मांग रखी गई।
एक अन्य महत्वपूर्ण मांग ज़खनिया से मुड़ियारी होते हुए शादियाबाद तक की मुख्य सड़क के चौड़ीकरण और मरम्मत से संबंधित थी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनकल्याण और क्षेत्र के संतुलित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भाजपा नेता पारसनाथ राय की बातों को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री ने जनपद वासियों को आश्वस्त किया कि उठाई गई सभी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर पर शीघ्र ही प्रभावी और त्वरित कदम उठाए जाएंगे। इस आश्वासन से क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
