गाजीपुर में छेड़खानी का झूठे आरोप से नाराज पति ने थाने से छूटते ही पत्नी को उतारा मौत के घाट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. छेड़खानी के आरोप में सोमवार को दिनभर थाने बैठाने के बाद शाम को छूटने के बाद पति ने पत्नी कुसुम शर्मा की चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी। कुसुम स्थानीय कस्बा के मुबारकपुर कुदुरतुल्ला में ब्यूटी पार्लर चलाती थी।
आरोपित ने छेड़खानी का आरोप लगाने वाली ब्यूटी पार्लर की दूसरी महिला को भी दौड़ा लिया। हालांकि उसने किसी तरह से समीप के अस्पताल में भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
कस्बा दयालपुर निवासी कुसुम शर्मा (30) की शादी करीब आठ साल पहले आजमगढ़ के जहानागंज के हरसूपुर निवासी राहुल विश्वकर्मा से हुई थी। कुछ ही समय बाद कुसुम आकर अपने मायके रहने लगी थी। करीब ढाई साल पहले उसने गैरबिरादरी के गुरैनी निवासी हनी से प्रेम विवाह किया था। उसका एक छह माह का बेटा है। हनी अपने घर पर रहकर आर्केस्ट्रा चलवाता है।
वहीं कुसुम कस्बा के ही मुबारकपुर कुदुरतुल्ला में किराए के मकान में पार्लर चलाती थी और उसी में ही रहती थी। हनी और कुसुम के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। हनी पत्नी कुसुम पर शक करता था। पार्लर में काम करने वाली प्रिया निवासी जबराबाद ने हनी के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत की थी।
पुलिस ने सोमवार को हनी को बुलाकर जांच की। दिनभर हिरासत में रखने के बाद देर शाम पुलिस ने पति-पत्नी के विवाद में छेड़खानी का झूठा आरोप मानते हुए हनी को छोड दिया। आरोप लगाने वाली महिला को हिदायत दी कि पति-पत्नी के विवाद में न पड़ें।
शाम करीब सात बजे हनी ब्यूटी पार्लर पहुंचा। उस समय कुसुम घर के बाहर पानी लेने गई थी, जबकि प्रिया उसके बच्चे को दूध पिला रही थी। हनी ने दुकान के बाहर रास्ते पर चापड़ से ताबड़तोड़ प्रहार कर पत्नी की हत्या कर दी। संयोग अच्छा रहा कि गोंद में बच्चा होने के कारण प्रिया पर हमला नहीं किया, लेकिन प्रिया ने भागकर जान बचाई।
बताया जा रहा है कि हनी को शक था पत्नी के कहने पर ही प्रिया ने उसके खिलाफ झूठी शिकायत की है। थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह का कहना है कि छेड़खानी का आरोप झूठा मिलने पर ही उसे छोड़ा गया था। भाई जितेंद्र विश्वकर्मा की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
हनी हत्या के बाद चापड़ को लहरा रहा था। घटना के दौरान शोरगुल सुनकर पहुंचे लोगों पर भी उसने हमला का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने भागकर जान बचाई। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाने में बंद हनी के चेहरे पर तनिक भी पश्चाताप नहीं था। वह हंस रहा था और कहा कि उसने आज कलंक मिटा दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुसुम ने तीन लोगों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। पहले हनी पर भी कराया था। बाद में उससे शादी कर ली।
