गाजीपुर में 8 स्कूली वाहन सीज, 40 का चालान
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में 'ऑपरेशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। बुधवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 8 स्कूली वाहनों को सीज किया गया, जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया।
यह विशेष अभियान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 1 से 15 जुलाई तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में संचालित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अभियान का पहला चरण 1 से 7 जुलाई तक जागरूकता फैलाने और नोटिस जारी करने के लिए था। वहीं, दूसरा चरण 8 से 15 जुलाई तक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए निर्धारित किया गया है।
बुधवार को थाना कोतवाली के महराजगंज, नंदगंज और जंगीपुर थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीम ने जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी और स्पीड गवर्नर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की गई।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। यातायात निरीक्षक बलेन्द्र कुमार ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे सभी वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करें, अन्यथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
