गाजीपुर में समोसे को लेकर मारपीट, ग्राहक को घर से खींचकर पीटा, FIR दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के देवल गांव में समोसे के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक ग्राहक को घर से खींचकर पीटा गया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शैलेन्द्र कुमार पुत्र श्रीनिवास राम ने पुलिस को बताया कि 4 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह गांव के शैलेश गुप्ता की समोसे की दुकान पर गया था। समोसे के पैसे को लेकर दुकानदार और उसके बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह अपने घर लौट आया।
कुछ देर बाद वीरू कुमार, विकास कुमार (पुत्रगण शैलेश गुप्ता) और गोविन्द कुमार गुप्ता (पुत्र रामचीज गुप्ता) उसके घर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब शैलेन्द्र ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो तीनों ने मिलकर उसे घर से बाहर खींच लिया।
आरोपियों ने शैलेन्द्र को जमीन पर पटककर रॉड, लाठी-डंडे और ईंट से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के प्रार्थनापत्र के आधार पर बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन जारी है।
