Today Breaking News

गाजीपुर में 10वीं के छात्र पर नकाबपोशों ने चाकू से हमला किया, जांच में जुटी पुलिस

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दसवीं कक्षा के एक छात्र पर छह नकाबपोश हमलावरों ने चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना गुरुवार को गगरन गांव में हुई, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार,गगरन गांव निवासी 15 वर्षीय अरुण पाल नहर के समीप भेड़ चरा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते छात्र पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर अचेत अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा।

हमला करने के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजन घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस सुरक्षा में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि छात्र की पीठ पर तीन गहरे चाकू के घाव हैं,जिनसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। छात्र फिलहाल अचेत अवस्था में उपचाराधीन है।

घायल छात्र के बड़े भाई यशवंत पाल ने बताया कि अरुण क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ता है। उन्होंने जानकारी दी कि कुछ दिन पहले अरुण के दोस्तों की हमलावरों से मारपीट हुई थी। हमलावरों को शक था कि अरुण भी उस विवाद में शामिल था, जबकि उसका उस घटना से कोई लेना-देना नहीं था।

इस मामले में घायल छात्र के परिजनों ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष धीरेंद्र सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।