गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को वांछित आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ तिवारी (24) पुत्र स्वर्गीय विनीत तिवारी, निवासी बीकापुर, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसे कोतवाली क्षेत्र के चौकिया मोड़ स्थित हाईवे के पास चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा गया। जांच में विनीत राय हत्याकांड में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।
विनीत राय हत्याकांड में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें मुख्य साजिशकर्ता शंकर पांडेय के पिता रविशंकर पांडेय और उनके दो भाई सुमित पांडेय व सत्यप्रकाश पांडेय उर्फ मुनि शामिल हैं। पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
इस मामले में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश बिंद को 3 जून की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय, आलोक दुबे और सोनू यादव अभी भी फरार हैं। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।
होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की हत्या 29 मई की रात उस समय कर दी गई थी, जब वह अपने होटल से घर लौट रहे थे। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शंकर पांडेय, कमलेश बिंद, आलोक दुबे और सोनू यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
