गाजीपुर में हमीद सेतु पर सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां क्षेत्र में हमीद सेतु पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
राहगीरों के मुताबिक हमीद सेतु पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान बाइक चला रहे रामदरश बिंद (48 वर्ष) की मौत हो गई। उनकी पत्नी शिवलोचनी देवी (43 वर्ष) का इलाज चिकित्सकों की देखरेख में जारी है।
मृतक की पहचान नौरंगाबाद, कोतवाली सदर निवासी दूधनाथ बिंद के पुत्र रामदरश बिंद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंची थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हमीद सेतु पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने पुल पर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुल पर सख्त निगरानी और प्रभावी यातायात प्रबंधन की मांग की है।
