गाजीपुर पुलिस ने शातिर वाहन चोर पकड़ा, तीन चोरी की बाइक, अवैध तमंचा-कारतूस बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानिया कोतवाली पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर इलायचीपुर नहर तिराहा के पास की गई।
स्टेशन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और देवरिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि चोरी की बाइकों के साथ एक संदिग्ध युवक इलायचीपुर नहर तिराहे के पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर राहुल यादव (22) पुत्र राजू यादव, निवासी ग्राम लमुई, थाना जमानिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस बाइक जमानिया थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है, जबकि दूसरी सुपर स्प्लेंडर बाइक रेवतीपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अतिरिक्त, एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसके संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
तलाशी में आरोपी राहुल यादव के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए यह अवैध तमंचा साथ रखता था।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि गिरफ्तार राहुल यादव का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, जालसाजी और मारपीट सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अवैध असलहा बरामद होने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र कुशवाहा, कांस्टेबल मुकुल मिश्रा और कांस्टेबल निलेश यादव शामिल थे।
