Today Breaking News

गाजीपुर में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बुधवार देर रात करीब 10.30 बजे दासु बनवासी हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी नगीना बनवासी मुठभेड़ में गिरफ्तार। गांगी नदी पुल के पास बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है।
10 फरवरी को 40 वर्षीय दासु बनवासी का गमछे से गला दबाकर उनकी हत्या की गई थी। इस मामले में नगीना बनवासी की तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। शादियाबाद थाना क्षेत्र के बसेवां गांव निवासी दासु बनवासी हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की देर रात सैदपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार अपनी टीम के साथ भीतरी बाजार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दासु बनवासी हत्याकांड का वांछित आरोपी नगीना बनवासी अवैध असलहे के साथ सिकंदरपुर-बबुरहनी मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने गांगी नदी पुल के पास घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद आरोपी पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

10 फरवरी की सुबह गांगी नदी के पुराने पुल के पास बसेवां गांव निवासी 40 वर्षीय दासु बनवासी का शव बरामद हुआ था। जांच में सामने आया था कि गमछे से गला दबाकर उनकी हत्या की गई थी। इस मामले में नगीना बनवासी की तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि आरोपी के पास से अवैध हथियार बरामद हुआ है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक प्रताप नारायण, हेड कांस्टेबल अमित सिंह तथा कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार और विनय सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना की। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि वारंटी गिरफ्तारी अभियान के तहत सैदपुर पुलिस ने बबुरहनी तिराहे पर चेकिंग के दौरान फायरिंग कर रहे अपराधी नगीना बनवासी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। उसके पास से तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।