Today Breaking News

गाजीपुर में मेमू ट्रेन की चपेट में आने से मोर की मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र स्थित औड़िहार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक मेमू ट्रेन की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। टक्कर के बाद मोर का शव ट्रेन के इंजन में फंस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, भटनी से वाराणसी सिटी जा रही मेमू ट्रेन औड़िहार-मऊ रेलखंड पर माहपुर रेलवे हॉल्ट के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान उड़ता हुआ एक मोर अचानक इंजन से टकरा गया। टक्कर के बाद वह इंजन के ऊपर लगी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रेन के औड़िहार रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने इंजन में फंसे मोर के शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही सैदपुर रेंज के वन दरोगा निशिकांत सोनकर सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग ने पशु चिकित्सकों से मोर का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद राष्ट्रीय पक्षी के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत विधि-विधान और राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया।

स्थानीय रेंजर रमेश मौर्य ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें बैठक के दौरान मिली थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय वन अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की। उन्होंने इस घटना को वन विभाग के लिए बेहद दुखद बताया।

घटना के बाद क्षेत्र में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।