Today Breaking News

गाजीपुर में महिलाओं के साथ अश्लील हरकत के आरोप में दो गिरफ्तार, केस दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गहमर थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के साथ अशोभनीय एवं अश्लील हरकत करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण अभियान के तहत उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह चंदेल अपनी टीम के साथ गहमर गांव स्थित स्टेट बैंक के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अइठी गोंइठी निवासी विनोद कुमार रजक (45) को सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के साथ कथित रूप से अशोभनीय हरकत करते हुए गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में थाना गहमर में मुकदमा अपराध संख्या 146/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।

वहीं उपनिरीक्षक रामगोपाल पटेल अपनी टीम के साथ गहमर गांव स्थित यूनियन बैंक के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अइठी गोंइठी निवासी विकास राम (33) को महिलाओं के साथ कथित रूप से अशोभनीय एवं अश्लील हरकत करते हुए गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना गहमर में मुकदमा अपराध संख्या 147/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अशोभनीय हरकतें कर रहे थे, जिससे लोक शिष्टता प्रभावित हो रही थी। दोनों मामलों में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।