Today Breaking News

गाजीपुर में गर्भवती महिला ने खाया चूहा मार दवा, ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर नगर के बाजार में एक 28 वर्षीय गर्भवती महिला जहर खाने के बाद उल्टियां करते हुए गिर गई। महिला ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है, जिसके कारण उसने जहर खाने की बात कही। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गंभीर हालत में सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह घटना भारत गैस एजेंसी कार्यालय के पास हुई। पास के दुकानदारों ने महिला को संभाला और उससे पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह जीना नहीं चाहती और उसने जहर खा लिया है। दुकानदारों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया।

महिला की पहचान सैदपुर थाना क्षेत्र के होलीपुर गांव निवासी सुमन (पत्नी सुनील यादव) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सुमन के पति सुनील और सास विमला देवी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुमन मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अक्सर अपने 7 वर्षीय बेटे को छोड़कर बिना बताए घर से चली जाती है। परिजनों ने यह भी बताया कि सुमन आज भोर 3 बजे से लापता थी और वे उसे ढूंढ रहे थे।

पुलिस को महिला के पास से एक झोले में चूहे मारने की एक पैकेट दवा और कपड़ों में रखी जाने वाली एक पैकेट कार्गोली मिली है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उसका इलाज कराया। परिजनों के पहुंचने के बाद महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।