गाजीपुर में विशेश्वरनाथ शिव मंदिर में चोरी, 15 किलो का घंटा और पीतल के दीये ले गए चोर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के बाराचवंर गांव में स्थित विशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने गुरुवार रात मंदिर की ग्रिल तोड़कर 15 किलोग्राम वजनी घंटा, आधा दर्जन पीतल के दीये, पीतल का त्रिशूल और चढ़ावे के रुपये चुरा लिए। यह मंदिर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास बना है।
शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर में लगा एक घंटा गायब है। इसके साथ ही पीतल के दीये और त्रिशूल भी नदारद थे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 पीआरबी और चीता पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी हुए सामानों का निरीक्षण किया।
यह मंदिर में चोरी की दूसरी घटना है। छह माह पहले भी इसी मंदिर से चोरों ने इन्वर्टर, बैटरी और लाउडस्पीकर की मशीन चुरा ली थी। उस मामले में करीमुद्दीनपुर पुलिस अब तक कोई खुलासा नहीं कर पाई है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
