गाजीपुर में विशेष चेकिंग अभियान में 15 वाहनों का चालान, चालकों को दी सीख
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर में बृहस्पतिवार रात पुलिस ने सरैला चट्टी स्थित यादव चौक पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन करवाना था। कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट और तीन सवारी दोपहिया वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों का कुल ₹20 हजार का चालान किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चालकों में सतर्कता देखी गई। इस अभियान का नेतृत्व उप निरीक्षक धीरेंद्र सिंह ने पुलिस जवानों के साथ किया। उन्होंने बाजार क्षेत्र में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
उप निरीक्षक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे चेकिंग अभियान जारी रखे जाएंगे। उन्होंने सभी लोगों से सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन करने की अपील की।
