गाजीपुर में CM योगी का 'मुस्लिम कनेक्ट', महिला कारीगर से बजरंगबली का लिया चित्र
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर के मोहम्मदाबाद में एक अलग अंदाज में नजर आए। अंसारी परिवार के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र यूसुफपुर स्थित कृषि मंडी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात की।
इसी दौरान उन्होंने एक मुस्लिम बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया और एक मुस्लिम महिला कारीगर से मुलाकात कर उसके बनाए बजरंगबली के चित्र की सराहना की। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:25 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। लाभार्थियों से संवाद के दौरान उनकी मुलाकात एक मुस्लिम महिला कारीगर से हुई। महिला द्वारा तैयार किए गए बजरंगबली के चित्र को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों में लेकर देखा और उसके कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में यह दृश्य लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक मुस्लिम बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। उन्होंने अपने हाथों से बच्चे को अन्न खिलाया। इस अवसर पर बच्चे के परिजन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में छात्राओं से भी संवाद किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। अंसारी परिवार के राजनीतिक प्रभाव वाला इलाका माना जाता है। ऐसे क्षेत्र में मुख्यमंत्री का मुस्लिम परिवारों से संवाद, मुस्लिम महिला कारीगर के बनाए बजरंगबली के चित्र को स्वीकार करना और मुस्लिम बच्चे का अन्नप्राशन कराना पूरे कार्यक्रम का सबसे चर्चित पहलू रहा। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद के जरिए सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी जोर दिया गया। (रिपोर्ट- विपिन सिंह यादव)
